खैरना। छड़ा में स्थित डामर प्लांट में हाइड्रा मशीन के नीचे दबने से बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में काफी नाराजगी है।

जीवन सिंह पुत्र बचे सिंह (60)

शुक्रवार दोपहर छड़ा में डामर प्लांट में हाइड्रा मशीन से जेनरेटर को हटाया जा रहा था। जेनरेटर के वजन के कारण हाइड्रा मशीन पलट गई। मशीन के साथ काम कर रहे छड़ा निवासी जीवन सिंह पुत्र बचे सिंह (60) नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत ही जीवन सिंह को मशीन के नीचे से निकालने की कोशिश शुरू की। हादसे की सूचना खैरना पुलिस चौकी को दी गई।

लोगों ने कुछ देर की मशक्कत के बाद नीचे दबे जीवन सिंह को निकाल लिया, लेकिन वह बुरी तरह से घायल अवस्था में निकले। उन्हें स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। खैरना पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक गिरीश टम्टा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जीवन सिंह को मृत घोषित कर दिया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया।

Advertisement