भीमताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भीमताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर सलड़ी (बोहराकून) के पास पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में वाहन सवार चार पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

​मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:30 बजे यह टेंपो ट्रैवलर पर्यटकों को लेकर भीमताल से हल्द्वानी की ओर जा रहा था। सलड़ी के पास अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सीधे खाई में जा गिरा। गनीमत यह रही कि वाहन बीच में ही अटक गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हादसे के वक्त वाहन में करीब 15-20 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। खाई में गिरे घायलों को निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया जा सकता है।

ADVERTISEMENTS Ad