नैनीताल: जनपद में मदिरा की दुकानों पर प्रिंट रेट (MRP) से अधिक दामों पर शराब बेचे जाने की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के कड़े निर्देशों पर शुक्रवार को प्रशासन और आबकारी विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

प्रशासनिक टीमों ने नैनीताल मुख्य नगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी, रामनगर, भीमताल और लालकुआं स्थित देशी व विदेशी मदिरा की दुकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान कई दुकानों में ओवररेटिंग और अन्य वित्तीय अनियमितताएं रंगे हाथों पकड़ी गईं।

जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 64/74 के तहत चालान किए गए। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख 05 हजार रुपये का जुर्माना वसूल कर सरकारी खजाने में जमा कराया।

अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी है। प्रशासन ने साफ किया है कि यदि भविष्य में ओवररेटिंग की पुनरावृत्ति हुई, तो भारी जुर्माने के साथ-साथ दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता दिखने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

ADVERTISEMENTS Ad