रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र के डाबर मोड़ पर ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी करने की कोशिश का मामला सामने आया है. यहां उत्तर प्रदेश नंबर की बाइक पर सवार दो युवक लोगों को झांसे में लेकर नकदी ऐंठने का प्रयास कर रहे थे.
जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों ने नकदी की जरूरत का हवाला देते हुए लोगों से कहा कि वे QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन पैसे भेज देंगे और बदले में नकद रकम ले लेंगे. युवकों ने मोबाइल पर भुगतान का संदेश दिखाकर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश की. शुरुआती दौर में कुछ लोग उनकी बातों में आ गए, लेकिन इसी बीच एक व्यक्ति को संदेह हुआ. उसने जब अपना बैंक खाता चेक किया, तो उसमें कोई राशि जमा नहीं हुई थी.
फर्जी भुगतान का खुलासा होते ही स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को घेरकर पकड़ लिया और मौके पर भीड़ जुट गई. गुस्साए लोगों ने दोनों युवकों की पिटाई कर दी. सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को बाइक समेत कब्जे में लेकर चौकी ले गई.
सिडकुल चौकी प्रभारी हेमंत कठैत ने बताया कि पूछताछ में दोनों युवकों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली और सभी पीड़ितों को उनकी रकम वापस दिलाई गई. पीड़ितों की ओर से लिखित तहरीर न दिए जाने के कारण पुलिस ने दोनों का चालान कर छोड़ दिया, जबकि मामले की विस्तृत जांच जारी है.



























