भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडेय को पुलिस द्वारा करीब 20 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद बुधवार सुबह रिहा कर दिया गया है। इससे पूर्व मंगलवार को पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था, जिसके बाद पूरे क्षेत्र के व्यापारिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कम्प मच गया था। इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बकायदा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी, जिसमें पुलिस विभाग की ओर से उन पर लगे आरोपों को लेकर कई जानकारियां और तथ्य साझा किए गए थे।

बुधवार सुबह लगभग 6 बजे आवश्यक मेडिकल व कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने उन्हें रिहा किया। रिहाई के तुरंत बाद जब नरेश पांडेय अपने भवाली स्थित निवास स्थान पहुंचे, तो वहां पहले से ही एकत्रित उनके समर्थकों, परिचितों और स्थानीय व्यापारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडेय ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया। उन्होंने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम भारी राजनीतिक दबाव के चलते बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा:

 “क्षेत्र की जनता सब जानती है। मेरा उद्देश्य हमेशा से नि:स्वार्थ समाजसेवा रहा है और आगे भी मैं जनता के हक के लिए लगातार कार्य करता रहूंगा।”

फिलहाल, इस पूरे प्रकरण को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से आगे की विधिक जांच अभी भी जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad