धामोला/कालाढूंगी: जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम कालाढूंगी से रामनगर मोटर मार्ग के पास धामोला क्षेत्र का है, जहां एक निजी यात्री बस ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
दुर्घटना के समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। इस हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत उपचार के लिए कालाढूंगी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उन्हें सुशीला तिवारी हॉस्पिटल हल्द्वानी रेफर किया जा रहा है। गनीमत यह रही कि अन्य यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया।
जिस तरह से जिले के प्रमुख मार्गों पर सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं, वह निश्चित तौर पर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। इस तरह की दुर्घटनाएं सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त अनुपालन और पर्वतीय मार्गों पर ड्राइविंग में सावधानी की आवश्यकता को दर्शाती हैं। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है और यातायात को सामान्य कराया।

















