देहरादून। उत्तराखंड सरकार चारधाम और आदि कैलाश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय परिसर से एचडीएफसी (HDFC) बैंक द्वारा सीएसआर (CSR) पहल के तहत उपलब्ध कराई गई आधुनिक चिकित्सा वाहनों (एम्बुलेंस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह एम्बुलेंस मुख्य रूप से चारधाम और आदि कैलाश यात्रा मार्ग के संवेदनशील और प्रमुख पड़ावों पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए तैनात की जाएंगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन एम्बुलेंसों की तैनाती से यात्रा मार्गों पर किसी भी आपातकालीन या आकस्मिक स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। यात्रियों को एक बेहतर स्वास्थ्य ढांचा, सुचारु व्यवस्थाएं और सुरक्षित यात्रा का सुखद अनुभव देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने इस सामाजिक सरोकार के कार्य के लिए बैंक प्रबंधन की सराहना भी की। इस महत्वपूर्ण अवसर पर पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली सहित एचडीएफसी बैंक के तमाम आला अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। सरकार के इस कदम से सुदूर पर्वतीय यात्रा मार्गों पर आपातकालीन चिकित्सा तंत्र को एक नया संबल मिलेगा।

















