बाबा नीम करौली के पावन धाम कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए नैनीताल पुलिस ने वीकेंड पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 17 और 18 अक्टूबर को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में संभावित जाम की स्थिति से निपटने के लिए नया रूट और पार्किंग प्लान लागू किया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें जिले की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा, बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक विशेष रूट लागू रहेंगे।
जानिए किस रूट से चलेंगे वाहन:
- मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन:
- अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से: लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए मैदानी क्षेत्रों की ओर निकलेंगे।
- रानीखेत से: क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजे जाएंगे।
- पहाड़ों की ओर जाने वाले वाहन:
- हल्द्वानी, काठगोदाम से (अल्मोड़ा/बागेश्वर/पिथौरागढ़ हेतु): भीमताल के खुटानी बैंड से धारी और धानाचूली बैंड होते हुए आगे बढ़ेंगे।
- काठगोदाम से (रानीखेत/बेतालघाट/सुयालबाड़ी/खैरना हेतु): सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग का प्रयोग करेंगे।
पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था:
- भीमताल के रास्ते आने वाले पर्यटक: बाहरी जिलों व राज्यों से निजी वाहनों से आने वाले पर्यटकों को अपने वाहन विकास भवन पार्किंग (भीमताल) में पार्क करने होंगे। वहां से भवाली व कैंची धाम के लिए स्थानीय शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
- गेठिया और नैनीताल के रास्ते आने वाले पर्यटक: वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क करना होगा, जहां से मंदिर तक पहुंचने के लिए शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
टैक्सी व दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध:
वीकेंड पर अत्यधिक दबाव को देखते हुए कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस की अपील: नैनीताल पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है कि वे तय रूट और पार्किंग नियमों का पालन करें, ताकि यात्रा सुगम रहे और किसी को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।






















