
गरमपानी: प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, गरमपानी-खैरना इकाई के चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शनिवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी भास्कर तिवारी, पूरन सिंह जलाल और पूर्व अध्यक्ष अंकित साह की देखरेख में संपन्न हुई प्रक्रिया के अनुसार, अध्यक्ष पद पर नरेंद्र सिंह जलाल और पुष्कर सिंह पनौरा के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है।
अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य सभी महत्वपूर्ण पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध चयन कर लिया गया है। निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में उपाध्यक्ष पद पर बसंत गिरी व रक्षित साह, महामंत्री पद पर भगवान सिंह गौणी, कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश चंद्र पलड़िया, संगठन मंत्री पद पर मनोहर सिंह बिष्ट और सचिव पद पर प्रहलाद सिंह खत्री शामिल हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि रविवार को खैरना स्थित महिला सभागार में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद दोपहर 2:30 बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। जिला पदाधिकारियों की निगरानी में होने वाले इस चुनाव को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भारी उत्साह है और सभी से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की गई है।

















