( कार्यकारिणी सदस्यों को मुख्य चुनाव अधिकारी प्रकाश पंत ने, कानूनी सलाहकारों को एडवोकेट महेश परिहार ने शपथ दिलाई)

जिलाधिकारी अलमोडा़ अंशुल सिंह ने उत्तराखंड प्रेस क्लब अल्मोड़ा के शपथग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर उत्तराखंड प्रेस क्लब के नव निर्वाचित अध्यक्ष श्री जगदीश जोशी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

उत्तराखंड प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों को प्रेस क्लब अल्मोड़ा के चुनाव में चुनाव अधिकारी रहे प्रकाश चंद्र पंत ने शपथ दिलाई। उत्तराखंड प्रेस क्लब के कानूनी सलाहकारों ( एडवोकेट)को प्रेस क्लब के चुनाव में पर्यवेक्षक रहे श्री महेश परिहार एडवोकेट ने पद की शपथ दिलाई।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने कहा कि प्रेस समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है तथा जनहित के मुद्दों को सकारात्मक ढंग से सामने लाकर व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान देता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सही, निष्पक्ष और तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रेस क्लब अल्मोड़ा की नई कार्यकारिणी पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखते हुए समाजहित में कार्य करेगी और जनपद के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाएगी।उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनसमस्याओं के समाधान में तेजी आती है तथा विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचती है।

जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेस क्लब की नई टीम जनपद में सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।वरिष्ठ पत्रकार श्री नवीन बिष्ट ने मुख्य अतिथि डीएम अंशुल सिंह के स्वागत किया तथा कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री जगदीश जोशी ने अपने संबोधन में अल्मोड़ा में पत्रकारिता के गौरवशाली अतीत को याद दिलाया। कहा कि प्रेस क्लब अपने दायित्व में खरा उतरने की पूरी कोशिश करेगा। उन्होंने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह का आभार जताते हुए कहा कि युवा एवं ऊर्जावान जिलाधिकारी के सहयोग से प्रेस क्लब की प्रगति में अपेक्षित गति आएगी। संचालन श्री कपिल मल्होत्रा एवं श्री अशोक पांडे ने किया।


कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों ने पत्रकारिता के मूल्यों, समाज हित की पत्रकारिता तथा प्रेस क्लब की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने प्रेस क्लब की नव निर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, इसलिए लोकतंत्र की मजबूती के लिए पत्रकारों के त्याग, समर्पण और संघर्ष को हमेशा याद किया जाना चाहिए।


शपथग्रहण समारोह में उत्तराखंड प्रेस क्लब अलमोडा़ के पदाधिकारी, सदस्य, जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह उपस्थित रहे। उत्तराखंड प्रेस क्लब अलमोडा़ की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के अध्यक्ष जगदीशजोशी ,उपाध्यक्ष श्री कमलेश कनवाल सचिव अशोक पांडे, उप सचिव संस्था मोहित अधिकारी, उप सचिव कार्यालय कपिल मल्होत्रा, कोषाध्यक्ष संतोष बिष्ट संप्रेक्षक हरीश भंडारी ,विधिक सलाहकार संजय कुमार अग्रवाल एडवोकेट, रोहित कार्की एडवोकेट, सदस्य कार्यकारिणी किशन चंद्र जोशी , हिमांशु लटवाल , शिवराज सिंह कपकोटी ने शपथ ली।

ADVERTISEMENTS Ad