( पात्र व्यक्तियों को अनावश्यक बैंकों के चक्कर न लगवायें जाय। राम जी शरण शर्मा)
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC – District Level Review Committee) की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों तथा सरकारी प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण सहित विभिन्न योजनाओं के लक्ष्य एवं उपलब्धियों की बैंकवार समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं एवं महिलाओं को लाभान्वित किया जाए। साथ ही वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिये कि विभिन्न योजनाओं में चयनित हुए लाभार्थियों को बैंक से ऋण लेने के लिए जाने से पूर्व ही सभी प्रक्रियाएं संपन्न कराई जाएं। बैंक स्तर के सभी कार्यों में भी लाभार्थियों का आवश्यक मार्गदर्शन किया जाए, जिससे उसे योजना के तहत मिलने वाले लोन के लिए अनावश्यक रूप से बैंक के चक्कर न काटने पड़े। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि विभागीय स्तर पर दी जाने वाली सब्सिडी भी पारदर्शी तथा तत्परता से दी जाए।

बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, एलडीएम अनिरुद्ध शाह, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक,संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad