गरमपानी: नैनीताल जिले में कल रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस प्राकृतिक मार के बीच प्रशासन की अनदेखी ने स्थानीय होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। जिले के गरमपानी, खैरना और छड़ा क्षेत्र में स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठान बंद करने पर मजबूर होना पड़ा है।
क्षेत्र में लंबे समय से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत चल रही है। सिलेंडर न होने के कारण कई कारोबारी अब तक पारंपरिक चूल्हों के सहारे काम चला रहे थे। लेकिन कल रात से हो रही लगातार बारिश ने रही-सही कसर पूरी कर दी। बारिश के कारण चूल्हों में इस्तेमाल होने वाली लकड़ियां पूरी तरह भीग गई हैं, जिससे आग जलाना असंभव हो गया है।
व्यापारियों का कहना है कि जहां जिले के अन्य हिस्सों में कमर्शियल गैस की आपूर्ति सुचारू है, वहीं गरमपानी और खैरना क्षेत्र में लंबे समय से गैस की गाड़ी नहीं पहुंची है। स्थानीय व्यापारियों ने सरकार और संबंधित विभाग से कई बार गुहार लगाई, लेकिन नतीजा शून्य रहा। कारोबारियों का साफ कहना है कि यदि उनके पास कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध होते, तो आज उन्हें दुकान बंद कर भूखे बैठने की नौबत नहीं आती। क्षेत्र के व्यापारियों ने प्रशासन से तत्काल गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उनका रोजगार फिर से पटरी पर लौट सके।

















