खैरना/गरमपानी: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम (नीब करौली बाबा आश्रम) में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण लग रहे अनियंत्रित जाम का खामियाजा अब खैरना और गरमपानी के स्थानीय व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों यातायात ठप रहने से पर्यटक इन बाजारों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिसके चलते व्यापारियों को दिन भर खाली बैठकर नुकसान झेलना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापार मंडल के अनुसार, जाम के डर से अधिकांश यात्री खैरना और गरमपानी के बाजार में रुकने और खरीदारी करने से बचते हैं। इसके अलावा, ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान अक्सर पुलिस द्वारा भारी वाहनों को खैरना में ही रोक दिए जाने से भी व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। पर्यटकों का मोहभंग होने से कई होटल, ढाबे और छोटी दुकानें से हैं। व्यापारियों ने सरकार और प्रशासन से भवाली-रातीघाट बाईपास के निर्माण में तेजी लाने और जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि कुमाऊं का पर्यटन कारोबार फिर से पटरी पर आ सके।

















