उत्तराखंड में इन दिनों भीषण गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार शुष्क चल रहे मौसम और सुबह से ही निकल रही तेज धूप के कारण मैदानी इलाकों में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते कई मैदानी क्षेत्रों में पारा 39 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जिससे लोग बेहाल हैं।
राजधानी देहरादून में गर्म हवाओं का सितम
प्रदेश की राजधानी देहरादून में भी गर्मी का प्रकोप चरम पर है। बीते सोमवार को दून का अधिकतम तापमान 37डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से ही चटक धूप और दिनभर चली गर्म हवाओं (लू) ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया है, जबकि पहाड़ी जिलों में यह फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है।
अगले 2-3 दिनों में और बढ़ेगा पारा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अभी गर्मी से तुरंत राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले दो से तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1Cसे 3 C तक की और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे मैदानी इलाकों में तपिश और ज्यादा बढ़ेगी।
आज पर्वतीय जिलों में हल्की राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज थोड़ा बदल सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश और गर्जना के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
गुरुवार को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी, आंधी-ओलावृष्टि की आशंका
बड़ी चेतावनी: मौसम विभाग ने आगामी गुरुवार के लिए प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इस दौरान देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना, आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि की तीव्र आशंका है। इसके साथ ही इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झक्कड़ (तूफानी हवाएं) चलने की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
















