उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के चंडाक स्थित सिकड़ानी गांव के योगेश्वर श्रीकृष्ण मंदिर में पहली बार दो महिला पुजारियों की नियुक्ति की गई है।

मंदिर कमेटी के अध्यक्ष आचार्य डॉ. पीतांबर अवस्थी ने विधि-विधान से मंजुला अवस्थी को मुख्य पुजारी व सुमन बिष्ट को सहायक पुजारी का दायित्व सौंपा। इस दौरान भजन- कीर्तन के साथ पुजारी मंजुला अवस्थी व सुमन बिष्ट को मंदिर कमेटी की ओर से सम्मानित भी किया गया।

मंदिर कमेटी का इस बारे में कहना है कि पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए अधिक व्रत-उपवास रखती हैं। फिर भी उन्हें पुजारी की जिम्मेदारी नहीं दी जाती है। जबकि हमारी सनातन परंपराओं को महिलाएं जीवंत बनाए हुए हैं।वहीं डॉ. अवस्थी ने कहा कि यह रूढ़िवादी परंपराओं को तोड़ते हुए महिला सशक्तिकरण का प्रयास है। ऐसे प्रयास आगे भी करते रहेंगे। यह भी बताया कि मंदिर में सभी धर्मावलंबियों के प्रवेश की अनुमति है।

वहीं युवा साहित्यकार और शिक्षक नीरज चंद्र जोशी ने बताया कि पहली बार किसी मंदिर के पुजारी के रूप में महिलाओं को नियुक्त करके मंदिर कमेटी ने नारी सशक्तिकरण की मिसाल कायम की है।

Advertisement