(तीन विशिष्ट गुणों वाली जैव सुदृढ़ीकृत मक्का देश की प्रथम किस्म ‘वी एल त्रिपोषी’ अधिसूचित)

भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा द्वारा विकसित देश में प्रथम उच्च उपज जैव सुदृढ़ीकृत मक्कां की किस्म वी एल त्रिपोषी की उत्तरी पर्वतीय क्षेत्र और देश के अन्य क्षेत्रों के लिए हाल ही में अधिसूचना (संख्यां एस ओ 6130 (ई) दिनांक 31 दिसम्बर 2025) जारी की गयी है। यह संकर किस्म वी बी एल 301 और वी बी एल 302 के संयोजन से विकसित किया गया है, जो चिन्हक सहायक चयन (MAS) आधारित कम फाइटेट और उच्च प्रोविटामिन ए वाले क्यू पी एम लाइन वी क्यू एल 1 और वी क्यू एल 2 के संस्करण हैं।

इस अनूठी किस्म में तीन विशिष्ट गुणवत्तायुक्त मक्का के गुणों नामत: क्यू पी एम, प्रोविटामिन ए और कम फाइटेट को एक ही संकर में वैज्ञानिक सम्मिलित कर पाए है। क्यू पी एम का जैविक मान मिल्क प्रोटीन के जैविक मान का लगभग 90% होता है, प्रोविटामिन ए विटामिन ए की कमी को दूर कर सकती है तथा कम फाइटेट पोषकतत्वों के शरीर में अवशोषण को बढ़ाता है। यह जल्दी पकने वाली (90–95 दिन) संकर किस्म है, जिसमें ट्रिप्टोफान 0.086 प्रतिशत, लाइसिन 0.355 प्रतिशत, प्रोविटामिन ए 5.58 माइक्रोग्राम प्रति ग्राम और फाइटेट 2.19 मिलीग्राम प्रति ग्राम है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्र में सभी अखिल भारतीय समन्वित परीक्षणों में इसका औसत उत्पादन 5,232 किग्रा/है, जो मूल संकर विवेक क्यू पी एम 9 के समान है।

इसने टर्सिकम लीफ ब्लाइट के प्रति मध्यम प्रतिरोधिता प्रदर्शित की। वी एल त्रिपोषी को पूरे उत्तर पर्वतीय क्षेत्र (केन्‍द्र शासित प्रदेश लद्दाख एवं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड (पर्वतीय), असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा राज्यों) में खेती हेतु अधिसूचित किया गया है।

आशा है कि यह अधिसूचना किसानों के लिए न केवल उच्च उपज और पोषण संपन्न मक्का किस्मों तक पहुँच सुनिश्चित करती है, बल्कि पर्वतीय एवं कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा, पोषण सुरक्षा और आय सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। जैव–सुदृढ़ीकृत इस संकर की खेती से किसानों को रोग प्रतिरोधी, जल्दी पकने वाली और अधिक उत्पादन क्षमता वाली मक्का किस्म उपलब्ध होगी, जिससे स्थानीय और क्षेत्रीय स्तर पर मक्का उत्पादन में सुधार, परिवारों के पोषण स्तर में वृद्धि और सतत कृषि प्रथाओं को अपनाने की दिशा में सहायता मिलेगी ।

ADVERTISEMENTS Ad