मुरादाबाद: सोमवार की सुबह मुरादाबाद-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। इस भीषण भिड़ंत में नैनीताल और हल्द्वानी के रहने वाले चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।


जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब नैनीताल जिले के रहने वाले पांच मित्र कार से नोएडा अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही वे मनकरा मोड़ के पास पहुंचे, उनकी कार आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अनियंत्रित होकर पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग मलबे में फंस गए।


सूचना मिलते ही मूंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को कार की बॉडी काटकर शवों और घायल को बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सभी को तत्काल मूंढापांडे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल यशदीप पांडे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।


हादसे का शिकार हुए सभी लोग उत्तराखंड के निवासी थे। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मृतकों का विवरण इस प्रकार है:

नामनिवासीपद/व्यवसाय
दयाल रावतवीमिला कंपाउंड, नैनीतालरीजनल मैनेजर (नैनीताल बैंक, नोएडा)
अनिल नेगी (38)हल्द्वानी
सुंदर (42)हल्द्वानी
भुवन भंडारी (37)हल्द्वानी
घायल: यशदीप पांडे (योगा टीचर, निवासी हल्द्वानी)।

सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार सभी लोग ड्यूटी के लिए नोएडा जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंटों से ओवरलोड थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

इस घटना के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया।

ADVERTISEMENTS Ad