​गरमपानी: प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल खैरना-गरमपानी, रातीघाट एवं चमड़िया क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी में हुई इस मतदान प्रक्रिया में व्यापारियों ने लोकतांत्रिक भागीदारी का शानदार परिचय दिया। कुल 325 पंजीकृत मतदाताओं में से 289 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

​अध्यक्ष पद के कड़े मुकाबले में नीरज जलाल ने 166 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंदी पुष्कर पनौरा को 122 मत मिले। 44 मतों के अंतर से मिली इस जीत के बाद व्यापारियों ने फूल-मालाओं के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया।

​इस दौरान भाष्कर तिवारी, अंकित साह, नवीन पटवार, पंकज जोशी और नीरज बिष्ट सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने हर्ष जताते हुए कहा कि नीरज जलाल के नेतृत्व में क्षेत्र की व्यापारिक समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान होगा और व्यापार मंडल को एक नई दिशा मिलेगी। जीत के बाद समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad