अल्मोड़ा: जनपद में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस समस्या के समाधान हेतु प्रांतीय उद्योग जिला व्यापार मंडल और नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने होटल व्यवसायियों के साथ जिलाधिकारी अल्मोड़ा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

​व्यापारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वर्तमान में कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से कई भोजनलय और होटल बंद होने की स्थिति में पहुँच चुके हैं। व्यापारियों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि एक ओर सिलेंडर मिल नहीं रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी से व्यापारियों में भय और असमंजस का वातावरण बना हुआ है। व्यापारियों ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि संकट काल में प्रशासन को सहयोग करना चाहिए न कि उत्पीड़न।

​व्यापार मंडल ने मांग की है कि जब तक कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक व्यापारियों को वैकल्पिक रूप से घरेलू (डोमेस्टिक) सिलेंडर उपयोग करने की छूट दी जाए। व्यापारियों का कहना है कि वे सदैव प्रशासन के सहयोगी रहे हैं, जिसका प्रमाण उन्होंने कोरोना काल जैसी आपदाओं में भी दिया है।

​जिलाधिकारी का आश्वासन: 3-4 दिन में सुधरेगी स्थिति

​मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अल्मोड़ा ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में लगभग 50 प्रतिशत तक सुधार कर दिया जाएगा। उन्होंने अपील की कि समस्या बड़ी है, इसलिए सभी को धैर्य और संयम से काम लेना चाहिए।

इस दौरान जिलाध्यक्ष सुशील साह, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, संरक्षक संजीव गुप्ता, राकेश तिवारी, अशोक गोस्वामी, वकुल साह, अश्विन नेगी, होटल व्यवसायी अजीत कार्की, हरविंदर सिंह, मंजुल मित्तल, गोविंद बिष्ट, कमल तिवारी, मो. अखलाख, राजेश अग्रवाल, विनय वर्मा, राजू बिष्ट, वरुण कपकोटी, मनोज जड़ोत, हिमांशु जोशी और बिलाल खान सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad