गरमपानी– इनाण गाँव में गुरुवार को ग्राम सभा की पहली खुली बैठक का आयोजन ग्राम प्रधान सुन्दर सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम विकास अधिकारी विपिन चन्द्र उपस्थित रहे, जिनका ग्रामीणों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वजल, परिवार रजिस्टर, मांग आधारित कार्य, भूमि सुधार, बायोगैस योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान सम्मान निधि तथा कृषि यंत्रों से संबंधित योजनाएं प्रमुख रहीं।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने गांव में पेयजल की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछली आपदा के बाद से गांव में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है, जिसकी सूचना कई बार विभागीय अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है।

बैठक में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए। बैठक में ग्राम विकास अधिकारी नवीन भट्ट, दीवान सिंह, नरेन्द्र सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad