त्यौहारी सीजन पर अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई बार जाम लगा। खैरना चौराहे पर केएमओ बस में खराबी आने से करीब घंटे भर आवाजाही ठप हो गई।

स्थानीय लोगों व पुलिस कर्मियों ने बस को बामुश्किल हाइवे से किनारे लगाया तब जाकर बामुश्किल यातायात सुचारु हुआ। भवाली से खैरना तक दिनभर में कई बार जाम लगा रहा।दीपावली महापर्व के चलते पिछले कई दिनों से हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।

हाईवे की जगह-जगह खस्ताहाल होने से कई बार जाम की स्थिति बन रही है। यातायात सुचारु कराने में पुलिसकर्मी के पसीने छूटे‌। बुधवार को हल्द्वानी से अल्मोड़ा जा रही केएमओ बस यूके 04पीए 0552 खैरना चौराहे पर पहुंची ही थी कि एकाएक बस के पहिए जाम हो गए। वाहन चालक प्रदीप उप्रेती व परिचालक गोकुल प्रसाद ने तकनीकी खराबी को दूर करने का प्रयास किया पर सफलता हाथ नहीं लगी।

इस दौरान हाइवे पर वाहनों की कतार लगती चली गई। चौराहे से दोनों ओर कई किलोमीटर वाहन जहां-तहां फंस गए। यात्रियों को फजीहत का सामना करना पड़ा। सूचना पर खैरना चौकी पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों की मदद से बस को बामुश्किल हाईवे से किनारे लगाया गया तब जाकर यातायात सुचारु हुआ। यात्रियों को दूसरे वाहन से गंतव्य को भेजा गया।

Advertisement