अल्मोड़ा। जनपद के बाड़ेछीना-धौलादेवी मार्ग पर दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अल्मोड़ा में आयोजित कांग्रेस की जनसभा से वापस लौट रहे कांग्रेस नेताओं की कार अनियंत्रित होकर कांचुली पुल के पास करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा दोपहर करीब 2 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। कार अल्मोड़ा से नाचनी (पिथौरागढ़) की ओर जा रही थी।
इस भीषण हादसे में कार सवार कुन्दन सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार में सवार दो अन्य लोग—गणेश कुमार और भूपेन्द्र प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
















