हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित अमेज़न के एक डिलीवरी स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि उसने देखते ही देखते पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शटर तोड़कर निकाले शव
जानकारी के अनुसार, रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र में स्थित अमेज़न स्टोर में रात करीब 11:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। पास के ब्लिंकिट स्टोर के कर्मियों ने धुआं देख फायर ब्रिगेड को सूचित किया। मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस बल के साथ पहुंचे। दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया, लेकिन तब तक पूरा स्टोर खाक हो चुका था। अंदर सो रहे दो कर्मचारियों के शव बरामद किए गए, जिनकी मौत जलने और दम घुटने से हुई।
लाखों का नुकसान, जांच जारी
मृतकों की पहचान नरेंद्र (गौलापार, मूल निवासी सोमेश्वर) और अमित (पंचायतघर) के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है। अग्निकांड में लाखों का सामान, एक स्कूटी और एक टेंपो जलकर नष्ट हो गए। एसपी सिटी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और कारणों की जांच की जा रही है।
















