विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के धाम, कैंची धाम के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा गिरने के कारण नैनीताल-अल्मोड़ा मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।, पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि जाम की लंबाई एक ओर डामर प्लांट और दूसरी ओर रातीघाट तक पहुंच गई है। कड़ाके की ठंड और ऊंचे पहाड़ों के बीच हजारों यात्री और पर्यटक घंटों से फंसे हुए हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें सतर्क हो गई हैं। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी (JCB) मशीनों को मौके पर भेजा गया है। हालांकि, ऊपर से रुक-रुक कर गिर रहे पत्थरों के कारण राहत कार्य में बाधा आ रही है। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से यातायात को फिलहाल रोक दिया है और यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
जब तक मार्ग पूरी तरह साफ नहीं हो जाता, तब तक इस रूट पर सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है। प्रशासन का प्रयास है कि जल्द से जल्द मलबा हटाकर एकल मार्ग (Single lane) खोला जाए ताकि फंसे हुए लोगों को राहत मिल सके।

















