हल्द्वानीl: बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों का सीधा असर अब आम जनता की जेब पर पड़ने जा रहा है। कुमाऊं क्षेत्र की टैक्सी यूनियनों ने लगातार बढ़ रहे खर्चों को देखते हुए टैक्सी किराए में बढ़ोतरी करने का बड़ा फैसला लिया है। नई किराया सूची जल्द ही जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद यात्रियों को सफर के लिए अपनी जेब और ढीली करनी होगी।

​महासंघ टैक्सी यूनियन कुमाऊं मंडल के महासचिव नवल किशोर ने बताया कि साल 2022 के बाद से टैक्सी किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जबकि इस बीच पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ इंजन ऑयल और गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में पुराने किराए पर टैक्सियों का संचालन करना अब पूरी तरह घाटे का सौदा बन चुका है।

यूनियन द्वारा तय की गई नई व्यवस्था के अनुसार, स्थानीय स्तर पर हर 20 किलोमीटर के सफर के लिए यात्रियों को अब 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं, कुमाऊं से देहरादून और दिल्ली जैसे लंबे रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ेगा, जहां प्रति यात्री किराए में करीब 500 रुपये तक की भारी बढ़ोतरी की तैयारी है।

किराया बढ़ाने के साथ ही टैक्सी यूनियन ने वीआईपी ड्यूटी और सरकारी कार्यक्रमों के लिए प्रशासन द्वारा वाहनों के अधिग्रहण (अटैचमेंट) का कड़ा विरोध करने का निर्णय लिया है। यूनियन का आरोप है कि सरकारी आयोजनों में गाड़ियां लगाने के बाद महीनों तक उनका भुगतान अटका रहता है, जिससे वाहन स्वामियों को भारी आर्थिक मानसिक और वित्तीय नुकसान उठाना पड़ता है। इस समस्या को लेकर यूनियन ने संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) को पत्र भेजकर अपनी कड़ी आपत्ति भी दर्ज कराई है।

ADVERTISEMENTS Ad