
गरमपानी: तल्ली सेठी गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब रात के सन्नाटे में अचानक एक खतरनाक गुलदार सीधे घर के अंदर आ धमका। सामने मौत को खड़ा देख किसी के भी होश फाख्ता हो जाते, लेकिन स्थानीय निवासी बुजुर्ग महिला जयन्ती देवी ने इस खौफनाक मंजर में भी अद्भुत साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। बिना घबराए उन्होंने तत्परता दिखाते हुए गुलदार को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी और एक बड़ा हादसा टल गया।
सोमवार देर रात करीब दो बजे हुई इस घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। फौरन वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद मंगलवार सुबह वन क्षेत्राधिकारी मनोज भगत के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाते हुए वन कर्मियों ने मशक्कत के बाद गुलदार को सुरक्षित ट्रेंकुलाइज किया और उसे रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया। आबादी के बीच हुई इस दिल दहला देने वाली घटना से जहां एक ओर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं जयन्ती देवी के अदम्य साहस की क्षेत्रभर में जमकर सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने अब वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है।






















