गरमपानी– बेतालघाट ब्लॉक के रातीघाट क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर विरोध तेज हो गया है। ब्लॉक प्रमुख अंकित साह के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ा विरोध जताते हुए नैनीताल विधायक सरिता आर्य की मौजूदगी में शासन को उपजिलाधिकारी मोनिका के माध्यम से ज्ञापन भेजा और दुकान खोले जाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

जिसमें ब्लॉक प्रमुख अंकित साह ने कहा कि रातीघाट क्षेत्र धार्मिक और शैक्षिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। यहां से कुछ दूरी पर प्रसिद्ध कैंची धाम स्थित है, साथ ही आसपास विद्यालय व आवासीय बस्तियां हैं। ऐसे में शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल बिगड़ने के साथ महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
वही ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि दुकान खुलने से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। उन्होंने शासन से मांग की कि प्रस्ताव को तत्काल निरस्त किया जाए।
वही ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान मौके पर नैनीताल विधायक सरिता आर्य, ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक भण्डारी, पूनम अधिकारी, महेश चन्द्र, ग्राम प्रधान जया किशोर, मण्डल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, नीरज जलाल इत्यादि लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad