उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग द्वारा रुद्रप्रयाग जनपद में भारी वर्षा, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली चमकने की प्रबल संभावना जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। जनपद में देर रात से ही लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर केदारनाथ यात्रा को अस्थाई तौर पर रोक दिया गया है।

​प्रशासन के इस आदेश के बाद केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवागमन कर रहे सभी तीर्थयात्रियों को तत्काल प्रभाव से रोककर उनके निकटतम होल्डिंग स्थलों और सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि मौसम सामान्य होने और सुरक्षा का पूरा भरोसा मिलने तक किसी भी यात्री को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

​वर्तमान में स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्थानीय पुलिस, डीडीआरएफ (DDRF), एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF) और अन्य संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी प्रकार की आपदा, मार्ग अवरोध, भूस्खलन या अन्य आपात स्थिति में सहायता के लिए आपदा प्रबंधन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, जहां यात्री तुरंत संपर्क कर सकते हैं। यात्रियों से संयम बनाए रखने और सरकारी गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की गई है।

ADVERTISEMENTS Ad