उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न सरकारी विभागों में 101 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। भर्ती में वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-3 और आशुलिपिक ग्रेड-2/स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के पद शामिल हैं।
आवेदन की प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के माध्यम से 14 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन विभागों में हैं सबसे ज्यादा पद
भर्ती में आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के 22 पद रखे गए हैं। उत्तराखंड वन विकास निगम में 10 पद और आयुक्त कुमाऊं मंडल में 8 पद हैं। ग्राम्य विकास विभाग में भी 8 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा स्टाम्प एवं निबंधन विभाग में 7, उच्च शिक्षा विभाग में 6 और उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में 5 पद शामिल हैं। बाकी पदों का विभागवार विवरण भर्ती विज्ञापन में दिया गया है।
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाण-पत्र तथा आधार कार्ड की दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य बताया गया है।
आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी का प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा। वहीं जिन पदों के लिए अनुभव प्रमाण-पत्र जरूरी है….उनके लिए संबंधित अनुभव प्रमाण-पत्र भी आवेदन के साथ देना होगा।
आवेदन में सुधार का भी मिलेगा मौका
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन फॉर्म में संशोधन करने का अवसर दिया जाएगा। आयोग के अनुसार आवेदन पत्र में संशोधन 17 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा।
20 दिसंबर को प्रस्तावित है लिखित परीक्षा
इन पदों पर चयन के लिए लिखित परीक्षा की अनंतिम तारीख 20 दिसंबर 2026 तय की गई है। हालांकि अभ्यर्थियों को परीक्षा से जुड़ी अंतिम जानकारी के लिए आयोग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना देखते रहना होगा।
समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
ऑनलाइन आवेदन के दौरान किसी तरह की परेशानी होने पर अभ्यर्थी आयोग की हेल्पलाइन से सहायता ले सकते हैं। इसके लिए टोल फ्री नंबर 9520991172 और वाट्सऐप नंबर 9520991174 जारी किया गया है।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में अपने पद की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और अन्य शर्तों को अच्छी तरह जांच लें। आवेदन की अंतिम तारीख 14 अक्टूबर 2026 है।

















