भवाली। भवाली-रामगढ़ मार्ग पर शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। कुलेटी बैंड के पास घने कोहरे और लगातार हो रही बारिश के बीच पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार नोएडा (उत्तर प्रदेश) के सेक्टर-11 निवासी दंपति को कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने संयुक्त रूप से कठिन रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि दोनों को सिर्फ हल्की चोटें आई हैं।

​पुलिस के मुताबिक, रितु दुग्गल और उनके पति खरहेश दुग्गल कार द्वारा भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहे थे। रात करीब 9:30 बजे कुलेटी बैंड के पास अत्यधिक कोहरे के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे खाई में चली गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों की सूचना पर कोतवाल प्रकाश मेहरा की अगुवाई में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

​खराब मौसम और भारी बारिश के बीच टीम ने रात 11 बजे तक सूझबूझ से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली भेजा गया, जहां डॉ. जलिश अंसारी ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार समय पर सूचना मिलने से तत्काल राहत कार्य शुरू हो सका, जिससे दोनों की जान बच गई। इस अभियान में हरभजन सिंह, तारा सिंह कंबोज सहित पुलिस और एसडीआरएफ के जवान शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad