चार प्रवक्ता और तीन एलटी शिक्षक तैनात
गरमपानी- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं के सांकेतिक प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने विद्यालय में सात अतिथि शिक्षकों की तैनाती कर दी है। इनमें चार अतिथि प्रवक्ता और तीन अतिथि सहायक अध्यापक एलटी शामिल हैं। शिक्षकों की तैनाती से विद्यालय की प्रभावित शिक्षण व्यवस्था को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
बता दें कि बीते दिनों विद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों के पद रिक्त होने से पढ़ाई प्रभावित होने पर कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राओं ने विद्यालय की छुट्टी के बाद शिव मंदिर प्रांगण में सांकेतिक प्रदर्शन किया था। छात्राओं ने सरकार और शिक्षा विभाग से रिक्त पदों पर तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई थी। विद्यालय के उपलब्ध पद विवरण के अनुसार इंटर स्तर पर प्रवक्ता के सभी नौ पद रिक्त थे, जबकि स्नातक स्तर पर स्वीकृत दस पदों में से पांच पद खाली चल रहे थे।
इसी बीच मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल आरएस नेगी ने जारी आदेश के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में सात अतिथि शिक्षकों को रिक्त पदों के सापेक्ष अस्थायी रूप से समायोजित किया है। अतिथि प्रवक्ता के तहत राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र और हिन्दी विषय में चार शिक्षकों की तैनाती की गई है। वहीं अतिथि सहायक अध्यापक एलटी के तहत व्यायाम, विज्ञान और हिन्दी विषय में तीन शिक्षकों को तैनाती दी गई है। इस प्रकार विद्यालय में कुल सात अतिथि शिक्षकों की तैनाती हुई है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी के अनुसार सभी संबंधित शिक्षकों को एक सप्ताह के भीतर विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि सात अतिथि शिक्षकों की तैनाती से विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन छात्राओं और अभिभावकों की स्थायी नियुक्ति की मांग अभी भी बरकरार है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमित नियुक्ति यानी सीधी भर्ती, पदोन्नति अथवा स्थानांतरण के माध्यम से शिक्षक उपलब्ध होने पर अतिथि शिक्षकों की यह व्यवस्था स्वतः समाप्त हो जाएगी।
















