गरमपानी। श्री कैंची धाम के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अनुराग आर्य ने क्षेत्र में अनियमित निर्माण कार्यों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने रामगढ़ तथा रातीघाट घुना क्षेत्र में नियमों के विपरीत बन रहे दो निर्माणाधीन भवनों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों भवन स्वामियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
उपजिलाधिकारी ने दोनों स्वामियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे 10 दिनों के भीतर निर्माण से जुड़े सभी प्रमुख दस्तावेज, स्वीकृत मानचित्र (नक्शा), आधिकारिक अनुमति पत्र एवं अन्य आवश्यक अभिलेख तहसील परिसर में प्रस्तुत करें। प्रशासन इन दस्तावेजों की गहनता से जांच करेगा, जिसके बाद ही नियमानुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा।
जांच पूरी होने और दस्तावेजों के सत्यापन तक दोनों ही स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्य को पूरी तरह से बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इस अवधि में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच के दौरान अभिलेखों में कोई गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस प्रशासनिक कार्रवाई से इलाके में अवैध व अनियमित निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
















