ल
गरमपानी: काकड़ीघाट के नजदीक हरड़े गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां रविवार को अनियंत्रित होकर एक कार गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्गम रास्ता और गहरी खाई होने के बावजूद रेक्यु टीम ने भारी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सुयालबाड़ी पहुंचाया।
अस्पताल के चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद हरड़े गांव निवासी 50 वर्षीय आनंद राम (पुत्र डूंगर राम) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल हुए अन्य दो स्थानीय नागरिकों—36 वर्षीय किशोर राम (पुत्र जीवन राम) और 47 वर्षीय कैलाश राम (पुत्र चनी राम)—की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राजेंद्र अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस अप्रत्याशित हादसे से मृतक के परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं प्रशासन द्वारा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।





















