जिलाधिकारी को भेजा ज्ञापन; 24 घंटे आपातकालीन सेवा, विशेषज्ञ डॉक्टरों और रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी।
गरमपानी : करीब 200 गांवों की स्वास्थ्य व्यवस्था का प्रमुख केंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गरमपानी-खैरना लंबे समय से डॉक्टरों और मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। अस्पताल की इस बदहाली को लेकर ग्राम प्रधान संगठन बेतालघाट के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर सीएचसी गरमपानी को तत्काल उपजिला अस्पताल का दर्जा देने और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की है।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि बेतालघाट ब्लॉक के साथ-साथ ताड़ीखेत और रामगढ़ विकासखंड के दूरस्थ गांवों की बड़ी आबादी इलाज के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर है। पहाड़ी क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण दुर्घटना, प्रसव अथवा गंभीर बीमारी की स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं न होने के कारण गंभीर मरीजों को हल्द्वानी और अन्य उच्च स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रेफर करना पड़ता है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भारी आर्थिक व मानसिक परेशानी उठानी पड़ती है।
रेडियोलॉजिस्ट न होने से अल्ट्रासाउंड ठप अस्पताल में नियमित रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने से अल्ट्रासाउंड जांच सेवा बुरी तरह प्रभावित है। इसका सबसे अधिक असर गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों पर पड़ रहा है।
- गरमपानी सीएचसी को तत्काल उपजिला अस्पताल घोषित किया जाए।
- रिक्त पदों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों और नियमित रेडियोलॉजिस्ट को नियुक्त किया जाए।
- 24 घंटे इमरजेंसी सेवा, सर्जिकल सुविधाएं, पर्याप्त दवाएं और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष जे.डी. कत्यूरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि गरमपानी सीएचसी क्षेत्र के हजारों लोगों की जीवनरेखा है। लंबे समय से सुधार की मांग की जा रही है, लेकिन अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो जनसमर्थन जुटाकर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, प्रधान संगठन अध्यक्ष जे.डी. कत्यूरा, त्रिभुवन पाठक, बालम पिनारी, किशोर ढेला, खीम सिंह, कैलाश चन्द्र, कमल जंतवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल और मुकेश गरजोली समेत कई ग्राम पंचायतों के प्रधान उपस्थित रहे।

















