स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को सोमेश्वर क्षेत्र में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


तिरंगा यात्रा का शुभारंभ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं अमर शहीद हुकम सिंह बोरा स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इसके बाद हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा क्षेत्रीय बाजार से होते हुए मंत्री के आवास तक पहुंची। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।
समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में क्षेत्रवासियों, युवाओं और मातृशक्ति का उत्साह राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला है।तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad