नैनीताल: जनपद के ज्योलीकोट के गेठिया क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। स्कूटी अनियंत्रित होकर नीचे गिरने से एक होटल कर्मी की मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गेठिया स्थित ‘होटल माटी’ में कार्यरत 33 वर्षीय साहिल शर्मा शुक्रवार देर शाम दूध और अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिए गए थे। खरीदारी करने के बाद वह सामान रखकर स्कूटी (संख्या UK 04 TB 8604) से वापस अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और करीब तीन फीट नीचे जा गिरी। इस भीषण हादसे में साहिल का सिर दीवार से जा टकराया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए।
युवक की गंभीर हालत को देखते हुए स्थानीय निवासी दीपक शर्मा और राजेंद्र कोटलिया तुरंत आगे आए और मानवीय दृष्टिकोण दिखाते हुए उन्हें अपने निजी वाहन से हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद साहिल को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक साहिल मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के निवासी थे और वर्तमान में दिल्ली में रहते थे। वह पिछले दो वर्षों से अधिक समय से गेठिया स्थित होटल माटी में पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे थे। इस अचानक हुई दुर्घटना के बाद से होटल प्रबंधन और स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।




























