विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता; त्योहारों से पहले महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण और जमाखोरी रोकने की उठाई मांग।
हल्द्वानी (उत्तराखंड)। चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों और चौतरफा महंगाई के विरोध में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने तिकोनिया चौराहे पर “महंगी चीनी, फीकी चाय” कार्यक्रम आयोजित किया। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आम जनता एवं राहगीरों को बिना चीनी की फीकी चाय पिलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगी चीनी, फीकी चाय” और “आम जनता को राहत दो” जैसे नारे लगाकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
आम परिवार की रसोई से छिन रही मिठास: सुमित हृदयेश
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की चाय तक से मिठास छीन ली है। चीनी, खाद्य तेल और दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने से गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ चुका है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे बड़े पर्व सामने हैं, ऐसे में महंगी चीनी और खाद्य तेल के कारण मिठाइयों की कीमतें बढ़ना आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगा। उन्होंने सरकार से कागजी आंकड़ों के बजाय आम आदमी का दर्द समझने और जमाखोरी-कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
जमाखोरी पर लगाम कसने में विफल सरकार: गोविंद सिंह बिष्ट
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने सवाल उठाया कि यदि देश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, तो बाजार में कीमतें लगातार क्यों बढ़ रही हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में महंगाई जनता की कमर तोड़ रही है और सरकार जमाखोरों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
व्यापक जनसहभागिता और नेताओं की मौजूदगी
इस विरोध प्रदर्शन में ललित जोशी, मलय बिष्ट, जया कर्नाटक, मधु सांगूड़ी, नीमा भट्ट, राधा आर्य, विमला सांगूड़ी, कमला सनवाल, दीपा खत्री, गिरीश पांडे, महेश कांडपाल, दीप पाठक, बहादुर बिष्ट, राकेश बृजवासी, हिमांशु जोशी, अवध बिहारी शर्मा, जगमोहन चिलवाल, संदीप पांडे, एडवोकेट कोमल जायसवाल और उदित करायत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

















