उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में आग की एक बड़ी घटना सामने आई है। मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार को लगी आग ने कई परिवारों को प्रभावित किया। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 30 लकड़ी के भवन इसकी चपेट में आकर जल गए। घटना के दौरान रसोई गैस सिलिंडर फटने से आग और भड़क गई।
बताया जा रहा है कि गांव के एक भवन में अचानक आग लग गई। मकान लकड़ी से बने होने के कारण लपटों ने कुछ ही समय में आसपास के भवनों को भी घेर लिया। इसी बीच गैस सिलिंडर में विस्फोट होने से स्थिति और गंभीर हो गई। आग की ऊंची लपटें देखकर गांव में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने की कोशिश की। किसी ने बाल्टियों से पानी डाला तो कोई उपलब्ध संसाधनों के जरिए आग को फैलने से रोकने में जुटा रहा। इसके बावजूद आग की चपेट में आए करीब 30 भवनों को नहीं बचाया जा सका।
अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। घरों के जलने से उनके सामने रहने और जरूरी सामान की व्यवस्था करने की चुनौती खड़ी हो गई है। भवनों में रखा घरेलू सामान भी आग में नष्ट होने की आशंका है।
पवाणी गांव में आग लगने की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि टीम घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेगी। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन भी किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad