(*हल्द्वानी प्रकरण को लेकर कांग्रेस की राजनीति के खिलाफ भाजपा ने सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना सांसद अजय टम्टा की मौजूदगी में किया।
**धर्म और जाति के नाम पर प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं।
**वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज गुड्डू ने बयान जारी कर कहा उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।)

संजय कुमार अग्रवाल मदर लैंड संवाददाता अल्मोड़ा
अल्मोड़ा, हल्द्वानी में कांग्रेस की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण के मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों में आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा ने सोमवार को चौघानपाटा में “सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना-प्रदर्शन” सांसद अजय टम्टा की मौजूदगी में किया। धरने में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर मामले को राजनीतिक रंग देकर प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
धरने की अध्यक्षता भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष त्रिलोक राम ने की। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश का माहौल खराब एव सामाजिक सौहार्द खराब करने का काम कर रही है भारतीय जनता पार्टी इसे कतई स्वीकार नहीं करेगी।
पूर्व राज्य मंत्री दिनेश आर्या ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सांसद अजय टम्टा ने भी धरना-प्रदर्शन में पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, दर्जा धारी गंगा बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल एवं कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान एवं कैलाश शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला एवं बिट्टू कर्नाटक आदि उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता दिनेश आर्य ने कहा कि हल्द्वानी की घटना को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस जिस प्रकार दलित सम्मान और अस्पृश्यता का मुद्दा उठा रही है, वह पूरी तरह राजनीतिक अवसरवाद है। कांग्रेस को पहले अपने इतिहास और अपने नेताओं के साथ किए गए व्यवहार का हिसाब देना चाहिए। दलित सम्मान किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को दिया गया अधिकार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों को दलित सम्मान का पाठ पढ़ाने से पहले अपने भीतर झांकना चाहिये।
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा ने कहा कि कांग्रेस को दलित सम्मान की राजनीति करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। राहुल गांधी आज हल्द्वानी की घटना को लेकर अस्पृश्यता और दलित सम्मान की बातें कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता यह जानना चाहती है कि कांग्रेस का दलित प्रेम आखिर चुनाव और वोट बैंक से आगे कब बढ़ेगा?
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा भुपेंद्र सिंह भोज गुड्डू ने एक बयान जारी कर कहा है भाजपा का आज का धरना ‘शुद्धिकरण’ की शर्मनाक घटना से ध्यान भटकाने की कोशिश है। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर कहा कि भाजपा को पहले यह जवाब देना चाहिए कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की सभा के बाद ‘शुद्धिकरण’ की आवश्यकता क्यों पड़ी और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। कांग्रेस लगातार इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है। भाजपा द्वारा सामाजिक सौहार्द के नाम पर धरना देना ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसा है। सामाजिक सौहार्द की सबसे बड़ी दुश्मन वह मानसिकता है जो किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके स्पर्श या उपस्थिति को अपवित्र मानती है। श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी देश के वरिष्ठ नेता, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष औरसंवैधानिक पद पर आसीन जनप्रतिनिधि हैं। उनके कार्यक्रम के बाद किसी सार्वजनिक स्थल का शुद्धिकरण किया जाना पूरे देश के सामने उत्तराखंड की सामाजिक चेतना पर सवाल खड़ा करता है। भाजपा को धरना देने के बजाय इस गंभीर घटना पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

















