(अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा क्षेत्र में विजिलेंस टीम ने पन्द्रह हजार रुपए के साथ आरोपी हरीश बिष्ट को दबोचा)


भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) विजिलेंस टीम ने अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक में तैनात एक लेखाकार (अकाउंटेंट) को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई से पूरे ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया है। लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हरीश बिष्ट पर आरोप था कि वह एक व्यक्ति से उसके लंबित बिलों का भुगतान करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोपी लेखाकार ने बिल पास करने के लिए 15 हजार रुपये मांगे थे।

बार बार चक्कर काटने और रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से संपर्क किया और इसकी शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की।

आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। बुधवार को योजना के मुताबिक ट्रैप टीम ने ब्लॉक कार्यालय के पास जाल बिछाया और आरोपी लेखाकार हरीश बिष्ट को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। विजिलेंस की टीम आरोपी लेखाकार को अपने साथ ले गई है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad