( हमेशा दिलों में अपनी जगह बनाये रखेंगे, नैथानी जी- बार बैंच)
उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आशीष नैथानी के सेवानिवृत्त होने पर फुल कोर्ट रेफरेंस आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह मौजूद रहे। कार्यवाही का संचालन रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर मुख्य स्थायी अधिवक्ता पूरन सिंह बिष्ट तथा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत ने न्यायमूर्ति आशीष नैथानी के न्यायिक योगदान और उनके सौम्य व्यक्तित्व को याद किया।विदाई समारोह में मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि जौनसार के हालसी निवासी न्यायमूर्ति आशीष नैथानी उत्तराखण्ड न्यायपालिका के ऐसे पहले न्यायाधीश रहे, जिनका उच्च न्यायालय में एलिवेशन सेवानिवृत्ति के बाद हुआ।
न्यायमूर्ति नैथानी ने अपने निर्णयों, निष्पक्षता और व्यवहार से न्यायपालिका का मान बढ़ाया तथा सभी के साथ समानता और सम्मान का व्यवहार किया।वहीं अपने विदाई संबोधन में भावुक हुए न्यायमूर्ति आशीष नैथानी ने अपनी माता, पत्नी, पुत्र, परिवार, रिश्तेदारों, साथी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, अपने पीएस, कार्यालय स्टाफ, सुरक्षाकर्मियों, गृह कर्मचारियों और चालक का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने पूर्व मुख्य न्यायाधीश ऋतु बाहरी, जी नरेंद्र और वर्तमान मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता से मिले मार्गदर्शन को भी याद किया।बार और बेंच ने कहा न्यायमूर्ति आशीष नैथानी की सादगी, सौम्यता और मानवीय व्यवहार को न्यायालय परिवार लंबे समय तक याद रखेगा।
















