( “समानता और शिक्षा सक्षम एवं जागरूक युवा समाज की नीव ” विषय अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए)
राजकीय महाविद्यालय लमगड़ा में हुआ सेमिनार का आयोजन राजकीय महाविद्यालय लमगड़ा (अल्मोड़ा) के शिक्षाशास्त्र विभाग एवम भारत ज्ञान विज्ञानं समिति अल्मोड़ा के संयुक्त आयोजन में “ समानता और शिक्षा: सक्षम एवं जागरूक युवा समाज की नींव ” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं आयोजक सचिव डॉ. हेमन्त कुमार बिनवाल द्वारा कार्यशाला की प्रासंगिकता, उद्देश्य एवं वर्तमान समय में शिक्षा में समानता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. विजया रानी ढौंडियाल ने अपने उद्बोधन में समानता, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार व्यक्त किए। उन्होंने समानता को एक सशक्त एवं समावेशी समाज की आधारशिला बताते हुए शिक्षा के माध्यम से सामाजिक विषमताओं को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अपने वक्तव्य में नेशनल लिटरेसी मिशन, भारत ज्ञान विज्ञान समिति तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) की भूमिका को रेखांकित करते हुए शिक्षा के माध्यम से जागरूक एवं सक्षम समाज के निर्माण पर विशेष जोर दिया। अपने विचारों में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं एवं महिलाओं की भूमिका, नेपाल की शिक्षा व्यवस्था, विभिन्न जन आंदोलनों, उत्तराखंड के इतिहास, तथा पर्यावरण संरक्षण (जल, जंगल, जमीन) जैसे विषयों पर सारगर्भित एवं प्रेरणादायी चर्चा की। उन्होंने सामाजिक उत्तरदायित्व (Social Responsibility) एवं विद्यार्थियों के कर्तव्यों पर विशेष बल देते हुए उन्हें जागरूक, संवेदनशील एवं उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यशाला में विभिन्न शोधार्थियों अंजय कुमार मिश्रा, पूनम नेगी, विवेक जोशी, लता पाण्डेय एवं नेहा जोशी द्वारा अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जो अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं विषयानुकूल रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत भारत ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा प्रकाशित पत्रिका “समता स्मारिका–2026 (हमारा कारवाँ)” का विधिवत विमोचन किया गया। साथ ही “Future of India – We Want a Better Tomorrow” विषयक पोस्टर का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर ससम्मान अभिनंदित किया गया।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बाल विकास विभाग से प्रभारी CDPO श्रीमती शशि कला टम्टा, पूर्व छात्र नवल रावत एवं गोविन्द कनवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का कुशल संचालन रेनू असगोला एवं डॉ. हेमन्त कुमार बिनवाल द्वारा किया गया। यह आयोजन शैक्षिक एवं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।

















