पनुवानौला। होली के त्यौहार को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर अल्मोड़ा प्रशासन व परिवहन विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिले के करबला, लोधिया, चितई और पनुवानौला जैसे प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 50 से अधिक वाहनों के चालान काटे गए।
अभियान के दौरान प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने पर एक टैक्सी और बिना कागजातों के एक बाइक को सीज कर दिया। साथ ही, ओवरलोडिंग के मामले में दो मैक्स वाहनों पर कार्रवाई की गई और रफ्तार का कहर बरपाने वाले 30 वाहनों के ओवर-स्पीड में चालान किए गए।
इस मौके पर एसडीएम भनोली सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार बरखा जलाल और परिवहन अधिकारी अखिलेश चौहान सहित आबकारी विभाग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हुड़दंगियों और नियमों को तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

















