नैनीताल:जनपद में होम स्टे नियमावली का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या और तहसीलदार अक्षय भट्ट की संयुक्त टीम ने क्षेत्र की विभिन्न होम स्टे इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।

​निरीक्षण के दौरान कुल 11 होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें कई इकाइयों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में कमियां सामने आने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 होम स्टे इकाइयों को नियम उल्लंघन के आरोप में नोटिस जारी किया है। इसके अलावा, मानकों की अनदेखी करने पर 2 इकाइयों पर ₹10,000-₹10,000 का अर्थदंड लगाया गया है, जबकि 2 होम स्टे इकाइयों के पंजीकरण को निरस्त करने की संस्तुति की गई है।

​जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुरक्षा और निर्धारित मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में सभी होम स्टे इकाइयों का निरंतर भौतिक निरीक्षण जारी रहेगा। यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। प्रशासन ने सभी संचालकों से होम स्टे नीति का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad