रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर अराजक तत्वों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तल्लाकोट की कार फूंक डाली। कार को आग के हवाले कर अराजक तत्व फरार हो गए। गांव के समीप हुई घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रधान प्रतिनिधि जगमोहन सिंह जलाल के अनुसार पूर्व में भी उनके वाहन को जलाने का प्रयास किया जा चुका है। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।गांवों में अराजक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बीते सोमवार को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तल्लाकोट जगमोहन सिंह जलाल अपनी कार यूके 04 पी 2255 को रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग पर स्थित धनियाकोट गांव के समीप पार्क कर घर पहुंच गए। रात के वक्त अराजक तत्वों ने उनकी कार को आग के हवाले कर दिया। सुबह गांव के बाशिंदों ने सड़क किनारे जली कार देगी तो हड़कंप मच गया। सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को भी दी गई। जगमोहन सिंह जलाल भी मौके पर पहुंचे। जगमोहन सिंह के अनुसार घटना की सूचना पुलिस व प्रशासन को भेज दी गई है। बताया की पूर्व में भी उनकी कार को आग के हवाले करने की कोशिश की गई थी तब अराजक तत्वों ने एक स्कूटी फूंक डाली थी। ग्राम प्रधान शेखर दानी, कृपाल सिंह मेहरा, संजय सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, दयाल सिंह आदि ने मामले के खुलासे पर जोर दे अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

Advertisement