नैनीताल : नैनीताल में पानी की बर्बादी और गंदगी की शिकायत पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की। मामले में जांच के बाद संबंधित होटल पर कुल 16 हजार रुपये का चालान किया गया।
मामला मल्लीताल क्षेत्र स्थित ब्रॉडवे होटल से जुड़ा है। शिकायतकर्ता टंडन परिवार और डंडरियाल परिवार समेत स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर बताया कि होटल की पानी की टंकियों से लगातार ओवरफ्लो हो रहा पानी उनके घरों तक पहुंच रहा है…जिससे सीलन और जलभराव की समस्या बढ़ रही है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि ब्रॉडवे होटल और नीलम राज होटल की ओर से रास्ते में गंदगी भी फैलाई जा रही है।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए। शुक्रवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की…जिसमें शिकायत सही पाई गई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ब्रॉडवे होटल की छत पर लगी टंकी से लगातार पानी बह रहा था। इसके बाद जल संस्थान ने होटल का जल संयोजन तत्काल प्रभाव से काटते हुए पानी की बर्बादी पर 5 हजार रुपये का चालान किया। वहीं पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये और नगर पालिका ने गंदगी फैलाने पर 1 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नैनीताल अक्षय भट्ट, जल संस्थान के सहायक अभियंता, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक और पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

















