नैनीताल। नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नैनीताल से कालाढूंगी की ओर जा रही एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर पहले बैंड के पास गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वाहन में लगभग 29 लोग सवार थे। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य सवारियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर रात के अंधेरे में कड़ी मशक्कत के साथ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कालाढूंगी पहुंचाया।

​वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई मरीजों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रशासन की देखरेख में राहत कार्य देर शाम तक जारी रहा। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने घायलों को हर संभव मुफ्त और बेहतर चिकित्सीय सहायता देने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad