गरमपानी : पोस्ट ऑफिस गरमपानी के पास कुमाऊं विकास मंडल निगम लिमिटेड (KMVN) द्वारा बनाए जा रहे पेट्रोल और डीजल पंप के निर्माण से निकले मलबे ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। निर्माण कार्य के दौरान निकले सैकड़ों टन मलबे को दोपाखी के पास शिप्रा नदी के किनारे डंप किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

​रविवार को मामले को उठाते हुए गरमपानी के पूर्व प्रधान त्रिभुवन पाठक ने प्रशासनिक अधिकारियों को जमीनी हकीकत से अवगत कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि नदी किनारे इस तरह मलबा फेंकने से आगामी मानसून सीजन में क्षेत्र पर आपदा का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। पूर्व प्रधान ने याद दिलाया कि साल 2021 में आई भीषण आपदा के कारण स्थानीय मकानों और रिहायशी इलाकों को पहले ही भारी नुकसान झेलना पड़ा था। ऐसे में मलबे के कारण नदी का प्रवाह बाधित होने से दोबारा तबाही मच सकती है। ग्रामीणों ने इस मामले में तत्काल उचित और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंची धाम के एसडीएम अनुराग आर्य ने तुरंत एक्शन लिया है। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था को नदी किनारे से जल्द से जल्द मलबा हटाने के सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि नदी किनारे अवैध रूप से मलबा फेंकने के इस पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad