गरमपानी। गरमपानी मुख्य बाजार में शनिवार देर शाम आवारा पशुओं के आतंक की एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई। रात करीब 8 बजे अपने घर के पास खड़े एक युवक पर अचानक एक आवारा बैल ने हमला कर दिया। मवेशी के इस हिंसक हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया। चिकित्सकों ने त्वरित प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आने पर युवक को घर भेज दिया गया।
घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार में लगातार बढ़ रहे आवारा मवेशियों के खतरे को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल ने कहा कि गरमपानी बाजार में लंबे समय से घूम रहे आवारा पशु राहगीरों और दुकानदारों के लिए जान का जोखिम बने हुए हैं।
प्रशासन और संबंधित विभाग से कई बार इन आवारा पशुओं को बाजार क्षेत्र से हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।”
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि गरमपानी में आवारा गायों और बैलों के हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी कई राहगीरों को ये जानवर चोटिल कर चुके हैं, जबकि एक बुजुर्ग की आवारा पशु के हमले से जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सुध न लिए जाने से स्थानीय जनता में भारी असंतोष है। उन्होनें जल्द से जल्द कार्यवाही करने की मांग की गई है।

















