गरमपानी। आगामी त्योहारों—होली और रमजान—के मद्देनजर उत्तराखंड में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन के आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के सख्त निर्देशों पर शनिवार को कैंचीधाम, खैरना और गरमपानी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

​वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक मिठाई और खोया विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचें।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि:

  • ​बिना बिल के कोई भी खरीदारी न की जाए।
  • ​स्टॉक का पूरा विवरण लिखित में रखा जाए।
  • ​एक्सपायरी डेट वाली सामग्री का भंडारण या विक्रय कतई न हो।
  • ​स्टोर में नियमित साफ-सफाई और कीटनाशकों का छिड़काव सुनिश्चित करें।

​निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में कमी के संदेह पर 02 खोया और 01 घी का सैंपलएकत्र किए गए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। असलम खान ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

​आयुक्त के निर्देश पर पूरे जनपद में विशेष संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर रही हैं और अपनी विस्तृत रिपोर्ट सीधे आयुक्त कार्यालय को भेज रही हैं। प्रशासन की इस सक्रियता से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

ADVERTISEMENTS Ad